जोधपुर में भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रेलर में घुसा श्रद्धालुओं से भरा ट्रैवलर; 18 की मौत

राजस्थान के जोधपुर जिले के मतोड़ा क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 से 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा ट्रैवलरके खड़े ट्रेलर में जा घुसने हुआ. घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

जानकारी के अनुसार, बस जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र से श्रद्धालुओं को लेकर बीकानेर के कोलायत गई थी. श्रद्धालुओं से भरी बस लौटते समय मतोड़ा क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में कई यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई. सभी मृतक जोधपुर जिले के सूरसागर के रहने वाले बताए जा रहे हैं.

हादसे में 18 लोगों की मौत
हादसे की सूचना मिलने पर मतोड़ा थाना अधिकारी अमानाराम पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निकाला. वहीं प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जोधपुर रेफर किया गया है. थाना अधिकारी अमानाराम ने इस हादसे में 18 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है. लोगों ने बताया कि ट्रैवलर तेज रफ्तार में थी, अचानक संतुलन बिगड़ने से ये हादसा हुआ.